मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में गो-पूजन किया के पश्चात मंदिर में विशेष पूजन किया।
इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सनातन की आस्था को मिटाने के लिए कई हमले हुए, लेकिन इसे कोई मिटा नहीं पाया, बल्कि सनातन की आस्था को मिटाने वाले ही मिट्टी में मिल गए। स्मृति शेष हो गए।
उन्होंने कहा कि आस्था को चोट पहुंचाने वालों की कंस जैसी दुर्गति तय है। समाज विरोधी शक्तियां कुचल दी जाएंगी। औरंगजेब में आस्था रखने वाले आपकी आस्था का सम्मान नहीं करेंगे। आक्रांता अब खोजने पर नहीं मिलेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में विशाल राम मंदिर बना, जिन्हें मंदिर अच्छा नहीं लगता वो बदनाम करते हैं। दिव्य भव्य अयोध्या बन रही है।
मुख्यमत्री योगी ने कहा कि न केवल ब्रज भूमि में बल्कि पूरे भारत में, श्रीकृष्ण और राधा रानी की स्मृति वर्तमान में हम सबके लिए एक प्रेरणा है। यह भावी पीढ़ी के लिए, आगे बढ़ने का एक उत्साहपूर्ण माहौल भी है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने 5200 वर्ष पहले जो उद्घोष किए, वह आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उस प्रासंगिकता को बनाए रखने के लिए ‘परित्राणाय साधुनाम विनाशाय च दुष्कृताम’ और यही सज्जन शक्ति जहां भी होगी, उसका संरक्षण हर हाल में होगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आस्था हमें एक गति देती है, जो उन्नयन एवं प्रगति की होती है, और अनास्था हमें अधोगति की ओर लेकर जाती है। वह नकारात्मक ताकत भले ही तात्कालिक रूप से अपने आपको कितना ही पावरफुल दिखाने का प्रयास कर रही हों, लेकिन कंस जैसी दुर्गति उसकी तय है। कोई उसको रोक नहीं सकता है। यही भाव यही आस्था पिछले पांच हजार वर्षों में सनातन की ताकत बनी है। उसे आगे बढ़ने के लिए एक नई प्रेरणा दी है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विरासत और भारत के विकास का जो अद्भुत समन्वय हम सब देख रहे हैं। कोई सोचता था, काशी में विश्वनाथ धाम जैसा भव्य बाबा विश्वनाथ का परिसर हमें उस उस भव्यता के साथ प्राप्त होगा, यह कल्पना थी? आज से 10 वर्ष पहले कोई उसकी कल्पना भी नहीं करता था। आज एक भव्य स्वरूप आ गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिनकी आस्था बाबर और औरंगजेब में होगी, क्या वे आपकी आस्था को सम्मान दे पाएंगे? यह बाबरी और औरंगजेब के अनुयाई जहर घोलने का काम फिर से करने जा रहे हैं। यह जहर घोलेंगे, क्योंकि कुछ चीजें होती हैं, जो कि वे लोग आदत से मजबूर होते हैं। उनकी आदतें हैं, समाज में विष वमन करना, जिससे समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी तत्वों के हौसले बढ़ सकें और वह आपकी सुरक्षा में सेंध लगा सकें, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर सकें, बहन और बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगा सकें, अन्नदाता किसानों की खुशहाली पर वे डकैती डाल सकें, उद्यमी बनने की और अग्रसर अपने कारीगर और हस्तशिल्पियों को फिर से लाचार बना सकें। लेकिन डबल इंजन की सरकार इन मंसूबों पर पानी फेरेगी। इनको कभी पूरा नहीं होने देगी।
